कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में मध्य प्रदेश, एक हफ्ते तक राहत नहीं; IMD का अलर्ट
MP Weather Today | जनवरी की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। शनिवार सुबह भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वाहनों की रफ्तार थमी रही, वहीं रेल यातायात भी कोहरे के कारण प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 12 जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दतिया और राजगढ़ में शीतल दिन (कोल्ड डे) की स्थिति बनी रही। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल (IMD) के दैनिक बुलेटिन के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इसके असर से अगले 2 से 3 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
IMD के मुताबिक 4 से 6 जनवरी के बीच रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो सकता है।
रविवार को भोपाल में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 10 से 12 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
4 से 6 जनवरी तक इन जिलों में घना कोहरा
4 जनवरी (रविवार):
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर।
5 जनवरी (सोमवार):
ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली।
6 जनवरी (मंगलवार):
शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली।
यह भी पढ़े…
30 साल पहले टंकी में तैरता पूरा मानव कंकाल, हजारों लोगों ने ‘सड़ी-गली लाश’ का पानी पिया और नहाया









