T20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। जिसे आईसीसी टूर्नामेंट्स की “कैश काउ” माना जाता है, वही मुकाबला अब फिर से चर्चा के केंद्र में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर अहम बातचीत शुरू हो चुकी है। पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया था, लेकिन अब हालात तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।
ICC के दबाव में बदला पाकिस्तान का रुख
Indian Express की रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने PCB को साफ तौर पर बताया कि यदि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करता है, तो उस पर भारी आर्थिक नुकसान की भरपाई का दावा किया जा सकता है। PCB ने इस स्थिति को ‘फोर्स मेज्योर’ बताने की कोशिश की, लेकिन ICC ने स्पष्ट किया कि यह मामला उस श्रेणी में नहीं आता। ICC ने यह भी पूछा कि PCB ने इस स्थिति से निपटने के लिए क्या प्रयास किए हैं।

टकराव नहीं, बातचीत के रास्ते पर समाधान
ICC के एक अधिकारी के अनुसार, अब इस मसले को टकराव की बजाय संवाद के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है। औपचारिक पत्र मिलने के बाद PCB ने ICC से संपर्क कर आगे की बातचीत शुरू की। दोनों पक्ष संभावित समाधान तलाशने के लिए संरचित तरीके से चर्चा कर रहे हैं।
श्रीलंका क्रिकेट भी चिंतित
इस पूरे विवाद में श्रीलंका क्रिकेट (SLC) भी कूद पड़ा है। SLC ने PCB को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह अपने बहिष्कार के फैसले पर पुनर्विचार करे, क्योंकि इससे न केवल टूर्नामेंट बल्कि मेजबान देश की आर्थिक स्थिति को भी भारी नुकसान होगा। श्रीलंका क्रिकेट के सचिव बंडुला दिसानायके ने कहा कि भारत-पाक मैच से टिकटों की भारी मांग थी और पर्यटकों के आने से देश को बड़ा आर्थिक लाभ मिलना तय था।
सरकार से बात कर सकता है PCB
SLC को दिए जवाब में PCB ने कहा है कि वह इस मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार से बातचीत करेगा और संभावित यू-टर्न के विकल्पों पर विचार करेगा। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक महामुकाबला होगा या नहीं।
read also: RCB बिकने वाली है? मैनचेस्टर यूनाइटेड के मालिकों की रिकॉर्ड बोली से मचा हड़कंप









