मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच तेहरान के आसमान में बड़ा हवाई टकराव सामने आया है। इजरायली वायुसेना ने दावा किया है कि उसके F-35I “Adir” स्टेल्थ फाइटर ने ईरान के याक-130 लड़ाकू विमान को मार गिराया। बताया जा रहा है कि यह दुनिया में पहली बार है जब F-35 ने किसी मानव चालित विमान को निशाना बनाकर गिराया है। इस घटना ने ईरान-इजराइल संघर्ष को और अधिक खतरनाक मोड़ पर ला दिया है।
तेहरान के ऊपर याक-130 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा
इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) के अनुसार यह घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब इजरायली वायुसेना तेहरान में ईरानी सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले कर रही थी। इसी दौरान इजरायली F-35I “Adir” ने हवा में मौजूद याक-130 लड़ाकू विमान को इंटरसेप्ट कर उसे नष्ट कर दिया।
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक यह याक-130 लड़ाकू विमान ईरान की इस्लामिक रिपब्लिक एयर फोर्स का हिस्सा था। इजरायली सेना का कहना है कि यह पहली बार है जब F-35 स्टेल्थ फाइटर ने किसी मानव संचालित विमान को मार गिराया है, जिससे इस लड़ाकू विमान की क्षमताओं को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
क्या है याक-130 लड़ाकू विमान और इसकी खासियत
याक-130 लड़ाकू विमान रूस की याकोवलेव डिजाइन ब्यूरो द्वारा विकसित एक उन्नत ट्रेनर एयरक्राफ्ट है, जिसे बाद में हल्के लड़ाकू विमान के रूप में भी इस्तेमाल किया जाने लगा। ईरान ने इस विमान को अपनी वायुसेना के आधुनिकीकरण के लिए रूस से प्राप्त किया था।
याक-130 लड़ाकू विमान का इस्तेमाल पायलटों को आधुनिक फाइटर जेट उड़ाने की ट्रेनिंग देने के लिए किया जाता है। यह विमान मिग-29, F-4 फैंटम और F-14 टॉमकैट जैसे उन्नत विमानों की उड़ान विशेषताओं की नकल कर सकता है, जिससे पायलटों को वास्तविक लड़ाकू परिस्थितियों के लिए तैयार किया जाता है।
हल्के लड़ाकू मिशनों में भी सक्षम है याक-130 लड़ाकू विमान
विशेषज्ञों के अनुसार याक-130 लड़ाकू विमान केवल ट्रेनर नहीं है बल्कि हल्के लड़ाकू मिशनों के लिए भी उपयोगी है। यह हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमला करने में सक्षम है और कई प्रकार के हथियारों से लैस किया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह विमान R-73 एयर-टू-एयर मिसाइल, KAB-500 गाइडेड बम, Kh-29 मिसाइल और विभिन्न प्रकार के रॉकेट व बम ले जाने की क्षमता रखता है। इसके अलावा यह करीब 41 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है और लगभग 1,060 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकता है।
ईरान-इजराइल संघर्ष में बढ़ा नया खतरा
तेहरान के ऊपर याक-130 लड़ाकू विमान को गिराए जाने की घटना ऐसे समय सामने आई है जब इजरायल ईरान के सैन्य ढांचे को निशाना बनाकर लगातार हवाई हमले कर रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह की घटनाएं पूरे क्षेत्र में संघर्ष को और व्यापक बना सकती हैं।
सैन्य विश्लेषकों का कहना है कि यदि इस तरह के हवाई टकराव जारी रहे तो आने वाले दिनों में मध्य पूर्व का तनाव और बढ़ सकता है, जिससे वैश्विक सुरक्षा पर भी असर पड़ने की आशंका है।










