सावन के दूसरे सोमवार पर श्रीराम जानकी मंदिर में भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
Akshay Rathore Susner | सुसनेर। सावन माह की पवित्रता और भक्ति के माहौल में नगर का वातावरण शिवमय बना हुआ है। सावन के दूसरे सोमवार को श्रीराम जानकी मंदिर चौराहा सुसनेर स्थित शिवालय में भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। भगवान शिव ने आज विभिन्न रूपों में भक्तों को दर्शन दिए, जिससे मंदिर परिसर भक्ति भाव से सराबोर हो गया।
सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें दर्शन के लिए लग गई थीं। श्रद्धालुओं ने जल, बेलपत्र, दूध और पुष्प अर्पित कर महादेव का पूजन किया। मंदिर को फूल-मालाओं, रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया गया, जिससे माहौल और भी दिव्य हो गया।
मंदिर समिति द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया। महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन में भगवान शिव की आराधना से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर नगरवासियों ने सामूहिक रूप से शिव नाम का जाप कर समाज में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
- आज के श्रृंगार की झलकियों ने भक्तों का मन मोह लिया।
- शिवालयों में अलग-अलग रूप में महादेव दे रहे हैं दर्शन
journalist