गणतंत्र दिवस पर शहीद की पत्नी का सम्मान करना भूल गए प्रभारी मंत्री, टोकने पर लौटे वापस
Agar Malwa News | 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आगर मालवा जिले में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान शहीद की पत्नी का सम्मान करना भूल गए। यह चूक तब सामने आई, जब समारोह के दौरान शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी निशा यादव अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए सम्मान के लिए खड़ी रहीं, लेकिन मंत्री उन्हें नजरअंदाज कर आगे बढ़ गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सम्मान कार्यक्रम के दौरान हुआ घटनाक्रम
गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान का कार्यक्रम शुरू हुआ। मंत्री जी एक-एक कर मंच पर बुलाए गए लोगों का सम्मान कर रहे थे। इसी क्रम में शहीद बद्रीलाल यादव की पत्नी निशा यादव निर्धारित स्थान पर खड़ी रहीं, लेकिन मंत्री उन्हें सम्मानित किए बिना आगे बढ़ गए।
लोगों ने टोका, तब हुआ गलती का एहसास
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंत्री अन्य परिजनों का सम्मान करने के बाद सीधे लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान की ओर बढ़ गए। यह देखकर वहां मौजूद नागरिकों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और मंत्री व अधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाया। लोगों के टोकने के बाद मंत्री को अपनी गलती का अहसास हुआ और वे वापस लौटकर शहीद की पत्नी का सम्मान करने पहुंचे।
अधिकारियों की लापरवाही से बनी असहज स्थिति
बताया जा रहा है कि यह पूरी स्थिति प्रोटोकॉल और प्रशासनिक तालमेल की कमी के कारण पैदा हुई। मंच संचालन और सूची के समुचित समन्वय के अभाव में एक शहीद के परिवार को सार्वजनिक मंच पर असहज होना पड़ा। घटना कैमरों में कैद हो गई और कुछ ही देर में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर फूटा आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग स्थानीय प्रशासन और कार्यक्रम की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों ने इसे संवेदनहीनता और प्रशासनिक लापरवाही करार दिया है। नागरिकों का कहना है कि जिस मंच पर शहीदों का सम्मान होना चाहिए, वहां ऐसी चूक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह भी पढ़ें…..
इंदौर पेयजल त्रासदी की होगी न्यायिक जांच, हाई कोर्ट के पूर्व जज की अध्यक्षता में आयोग गठित









