आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में गलत खान पान और कम शारीरिक गतिविधि की वजह से पेट से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। कई लोगों को भूख कम लगना या खाना खाने के बाद पेट फूलने जैसी दिक्कतें रोजाना परेशान करती हैं। शुरुआत में ये समस्याएं छोटी लगती हैं लेकिन धीरे धीरे यह शरीर को अंदर से कमजोर करने लगती हैं। ऐसे में घर की रसोई में मौजूद एक छोटा सा मसाला अजवाइन आपकी बड़ी मदद कर सकता है अगर इसका सही तरीके से सेवन किया जाए।
अजवाइन क्यों है पाचन के लिए खास
अजवाइन में थाइमोल नाम का एक खास तत्व पाया जाता है जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह पेट की जठराग्नि को तेज करता है जिससे खाना आसानी से पचता है और गैस या पेट फूलने जैसी समस्या कम हो जाती है। इसके साथ ही इसकी गर्म तासीर शरीर को सर्दी और खांसी से भी बचाने में मदद करती है। यही कारण है कि पुराने समय से ही अजवाइन को घरेलू नुस्खे के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है।
अजवाइन खाने का सही तरीका जानना जरूरी
अक्सर लोग अजवाइन को सीधे कच्चा खा लेते हैं या किसी भी समय इसका सेवन कर लेते हैं लेकिन यह तरीका सही नहीं माना जाता। अजवाइन को खाने से पहले हल्का भून लेना चाहिए ताकि उसमें से हल्की खुशबू आने लगे लेकिन उसका रंग न बदले। इसके बाद आधे से कम चम्मच मात्रा में इसका सेवन करना चाहिए। सबसे जरूरी बात यह है कि इसे हमेशा गुनगुने पानी के साथ लेना चाहिए जिससे इसके गुण और ज्यादा असरदार हो जाते हैं और पाचन तेजी से सुधरता है।
कब करें अजवाइन का सेवन
कई लोग सुबह खाली पेट अजवाइन का सेवन करते हैं लेकिन यह तरीका सही नहीं है। अजवाइन को हमेशा भोजन के बाद लेना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। खाना खाने के लगभग आधे घंटे बाद गुनगुने पानी के साथ इसका सेवन करने से पेट को राहत मिलती है और गैस या अपच की समस्या दूर होती है।
जरूरत के हिसाब से ही करें इस्तेमाल
यह समझना भी जरूरी है कि अजवाइन का सेवन रोजाना बिना जरूरत के नहीं करना चाहिए। इसकी गर्म तासीर के कारण यह कभी कभी पेट में जलन भी पैदा कर सकती है। इसलिए जब आपको गैस या पेट फूलने जैसी समस्या हो तभी इसका सेवन करें। सही मात्रा और सही समय पर लिया गया अजवाइन ही आपको पूरा लाभ दे सकता है
अजवाइन एक साधारण सा मसाला जरूर है लेकिन इसका सही उपयोग आपके पाचन को मजबूत बना सकता है। अगर आप इसे सही तरीके और सही समय पर लेते हैं तो पेट से जुड़ी कई समस्याओं से राहत मिल सकती है और आप खुद को ज्यादा हल्का और स्वस्थ महसूस करेंगे।









