उज्जैन के विकास इतिहास में बुधवार का दिन खास बनने जा रहा है, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहर को 1166.61 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। इस दौरे में वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे, जिनका सीधा लाभ शहर की पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले श्री महाकाल वन मेला उज्जैन 2026 का भी शुभारंभ किया जाएगा।
हरियाखेड़ी जलप्रदाय योजना से उज्जैन को मिलेगा शुद्ध पेयजल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब 12 बजे हरियाखेड़ी पहुंचेंगे, जहां 1133.67 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली हरियाखेड़ी जलप्रदाय योजना का भूमिपूजन करेंगे। इस योजना के तहत देवास रोड स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट और सिलारखेड़ी तालाब की जलधारण क्षमता को 6 एमसीएम से बढ़ाकर 51 एमसीएम किया जाएगा। योजना के पूर्ण होने पर उज्जैन शहर को प्रतिदिन लगभग 100 एमएलडी शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही जल समस्या को स्थायी समाधान मिलेगा।
छह बड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन, तीन का लोकार्पण
सीएम 1162.60 करोड़ रुपए की लागत से छह प्रमुख विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा 4.01 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण किए गए तीन कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। दोपहर 1 बजे कालिदास संस्कृत अकादमी में 2.36 करोड़ रुपए की लागत से खरीदी गई 16 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण गाड़ियां और पांच अन्य वाहनों को जनता को समर्पित किया जाएगा। साथ ही 0.75 करोड़ रुपए की लागत से खरीदे गए वायरलेस हैंडसेट का भी लोकार्पण होगा।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और हरित विकास पर विशेष जोर
कार्यक्रम में रामघाट छोटा पुल पेयजल लाइन शिफ्टिंग कार्य, सीएनजी आधारित एनिमल कारकस प्लांट, स्केटिंग रिंग, भैरवगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जीवाजीगंज सिविल अस्पताल जैसे अहम कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। वहीं नगर वन क्षिप्रा विहार का लोकार्पण शहरवासियों को एक नया हरित और मनोरंजन स्थल प्रदान करेगा।
श्री महाकाल वन मेला उज्जैन 2026 का भव्य शुभारंभ
शाम 4 बजे दशहरा मैदान पर वन विभाग और मध्यप्रदेश राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा आयोजित श्री महाकाल वन मेला उज्जैन 2026 का उद्घाटन किया जाएगा। यह मेला 11 से 16 फरवरी तक चलेगा और इसमें वन उत्पादों, जनजातीय संस्कृति और स्वरोजगार से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
Read also:कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि क्या है? बिहार के किसानों को अब मिलेंगे 3,000 रुपये










